अयोध्या |
जनपद के बीकापुर तहसील क्षेत्र के ग्राम परसा पूरे बसंतापुर निवासी मनोज कुमार ने जिलाधिकारी अयोध्या को प्रार्थना पत्र देकर गांव में अवैध रूप से पेड़ों की कटान किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता के अनुसार ग्राम सभा मझौवा मिल्कीपुर में तालाब की भूमि समतलीकरण और सड़क निर्माण के नाम पर बड़े पैमाने पर हरे पेड़ों की कटाई की गई है।
प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि मौके पर नीम, बबूल, कैथा, सिरसा और आम सहित कई पेड़ों को काट दिया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि मामले की सूचना वन विभाग को दी गई थी, जिस पर जांच भी हुई, लेकिन आरोप है कि जांच के दौरान संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार द्वारा शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया।
मनोज कुमार ने आरोप लगाया कि पेड़ों की जड़ों और लकड़ियों को ट्रॉली से हटाकर दूसरे स्थान पर रखा गया, जिसके फोटो और वीडियो भी उनके पास मौजूद हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पत्र दिनांक 7 मई 2026 को जिलाधिकारी कार्यालय में दिया गया |

