

अयोध्या (हैरिंग्टनगंज)।
विकासखंड हैरिंग्टनगंज के ग्राम सभा निमड़ी स्थित प्राथमिक विद्यालय पिलाई द्वारा “स्कूल चलो अभियान” के अंतर्गत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और गांव में घूमकर शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया।
रैली के दौरान बच्चों ने “हर घर में दीप जलेगा, हर बच्चा स्कूल चलेगा” जैसे नारों के माध्यम से अभिभावकों को प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक मन्नू कुमार एवं सहायक अध्यापिका श्रीमती सुमन सहित विद्यालय स्टाफ ने लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नामांकन नजदीकी सरकारी विद्यालय में अवश्य कराएं।
शिक्षकों ने बताया कि विद्यालय में बच्चों को निःशुल्क शिक्षा, पुस्तकें, गणवेश एवं मध्यान्ह भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। रैली का मुख्य उद्देश्य गांव के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।
ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए बच्चों को विद्यालय भेजने का भरोसा दिलाया।