अयोध्या।
शिक्षा क्षेत्र हैरिंगटनगंज के अंतर्गत स्थित प्राथमिक विद्यालय निमड़ी में शैक्षिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत परीक्षाफल वितरण एवं अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों की प्रतिभा को सम्मानित करते हुए विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। ग्राम के सम्मानित अभिभावकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। अभिभावकों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम की साज-सज्जा एवं व्यवस्थाओं को आकर्षक बनाने में विद्यालय की शिक्षिकाओं श्रीमती पूजा यादव एवं श्रीमती अर्चना भट्ट का विशेष योगदान रहा। वहीं शिक्षक श्री राम प्रताप यादव ने भी कार्यक्रम में सहयोग करते हुए बच्चों को प्रेरणादायक आशीर्वचन प्रदान किए और उन्हें आगे बढ़ने के लिए उत्साहित किया।
विशेष उपलब्धि के रूप में विद्यालय के मेधावी छात्र विनीत कुमार को GBTC ट्रस्ट द्वारा आयोजित परीक्षा में जनपद स्तर पर 28वां स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर उपस्थित सभी लोगों ने छात्र को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री शिव बहादुर पाठक ने अभिभावकों के साथ विभिन्न शैक्षिक एवं विकासात्मक एजेंडा बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने बच्चों की नियमित उपस्थिति, स्वच्छता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं अभिभावकों की सहभागिता पर विशेष बल दिया।
अंततः प्रधानाध्यापक द्वारा सभी अभिभावकों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया
गया।