
धर्मनगरी अयोध्या के पूराकलंदर क्षेत्र स्थित भरतकुंड की पावन धरती एक बार फिर आस्था के महासंगम की साक्षी बनी। योगीराज भरत जी की तपोभूमि पर आयोजित प्रसिद्ध पिसाची मेले ने इस बार अपने ही पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। शुरुआती दिनों में ही मेले में करीब 3 लाख श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने का अनुमान लगाया जा रहा है, जिससे पूरा क्षेत्र श्रद्धा और उत्साह से सराबोर नजर आया।
मेले की खास बात यह रही कि इतनी भारी भीड़ के बावजूद कहीं से भी अव्यवस्था, चोरी, छिनैती या छेड़छाड़ जैसी कोई शिकायत सामने नहीं आई। पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में पूराकलंदर थाना पुलिस ने अहम भूमिका निभाई।
थानाध्यक्ष मनोज शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुरक्षा की कमान संभाली। उनके साथ चौकी प्रभारी भदरसा कमलेश साहनी, महिला दरोगा और महिला पुलिसकर्मियों की सक्रिय तैनाती ने मेले को सुरक्षित माहौल प्रदान किया। खासकर महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क दिखी, जिससे लोगों में विश्वास और संतोष का माहौल बना रहा।
भीड़ प्रबंधन से लेकर संवेदनशील स्थानों पर निगरानी तक, हर स्तर पर पुलिस की रणनीति प्रभावी साबित हुई। यही वजह रही कि लाखों की भीड़ के बावजूद मेला पूरी तरह सकुशल संपन्न होता नजर आया।
वहीं प्रशासनिक स्तर पर भी कोई कमी नहीं छोड़ी गई। उपजिलाधिकारी सोहावल सविता देवी के निर्देशन में राजस्व विभाग की टीम—जिसमें लेखपाल, कानूनगो और नायब तहसीलदार शामिल रहे—लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं।
मेले का आयोजन अभी कई दिनों तक जारी रहेगा, और श्रद्धालुओं की भीड़ में और इजाफा होने की संभावना है। ऐसे में पुलिस और प्रशासन दोनों ही पूरी मुस्तैदी के साथ डटे हुए हैं।
आस्था, सुरक्षा और व्यवस्था का यह संगम पिसाची मेले को इस बार खास और यादगार बना रहा है।