मिल्कीपुर, अयोध्या।
इनायतनगर थाना क्षेत्र के पांच नंबर चौराहा स्थित एक किराना दुकान में चोरी का मामला सामने आया है, जिसने क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता बढ़ा दी है। “राजू किराना स्टोर” में 16 मार्च को हुई इस घटना में चोर दाल की बोरी लेकर फरार हो गया, जिसकी पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
दुकानदार के अनुसार, घटना देर रात की है जब दुकान बंद थी। इसी दौरान चोर दुकान में घुसा और वहां रखी दाल की एक बोरी उठाकर ले गया। सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचा तो सामान गायब देखकर उसे चोरी का अंदेशा हुआ। इसके बाद जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो एक व्यक्ति बोरी लेकर जाते हुए साफ दिखाई दिया।
दुकानदार ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इसके साथ ही पुलिस को नामजद तहरीर भी दी गई है। दुकानदार का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब उसकी दुकान को निशाना बनाया गया है। उसने बताया कि इससे पहले भी दुकान में बड़ी चोरी हो चुकी है, जिसमें लाखों रुपये का सामान गायब हुआ था। वर्ष 2017 में भी इसी दुकान से भारी मात्रा में सामान चोरी हुआ था, लेकिन उस मामले में भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।
दुकानदार ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पर्याप्त साक्ष्य होने के बावजूद कार्रवाई में ढिलाई बरती जा रही है। उनका कहना है कि बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं से उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है और सुरक्षा को लेकर भय बना हुआ है।
इस पूरे मामले पर इनायतनगर थाना प्रभारी रतन कुमार शर्मा ने बताया कि उन्हें तहरीर प्राप्त हो गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भी रोष देखने को मिल रहा है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को सख्त कदम उठाने चाहिए। व्यापारियों ने रात में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।