
हैरिंग्टनगंज (अयोध्या)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हैरिंग्टनगंज में नए अधीक्षक के रूप में डॉ. डी.एन. द्विवेदी ने कार्यभार ग्रहण कर लिया। इससे पूर्व वह जिला कारागार अस्पताल अयोध्या में अपनी सेवाएं दे रहे थे। कार्यभार संभालने के बाद अस्पताल के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।
पदभार ग्रहण करने के उपरांत डॉ. द्विवेदी ने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके लिए सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को समर्पित भाव से कार्य करना होगा।
उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा मरीजों को समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करने की अपेक्षा की।
इस अवसर पर डॉ. हरजीत यादव, डॉ. योगेश तिवारी, डॉ. सुशील, डॉ. अनिल, डॉ. विवेक कुमार गुप्ता, फार्मासिस्ट अश्वनी कुमार वर्मा, एएनएम कंचन, एएनएम सुशीला देवी, एएनएम अनिता, नीरज कुमार, जितेंद्र कुमार, बाबूलाल सहित अस्पताल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
नवनियुक्त अधीक्षक के आगमन से अस्पताल कर्मियों और क्षेत्रीय लोगों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उम्मीद जगी है। कर्मचारियों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में सीएचसी हैरिंग्टनगंज में मरीजों को और अधिक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
— आर्या टाइम्स न्यूज, अयोध्या