अयोध्या।
उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद आज अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने गुप्तार घाट पर नाविकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मौके पर निषाद समुदाय के लिए विशेष मेले का आयोजन किया गया।
मंत्री संजय निषाद ने कहा कि प्रधानमंत्री मत्स्य योजना, मुख्यमंत्री मत्स्य योजना, निषाद राज बोट योजना, दुर्घटना बीमा, शैक्षणिक सहायता और विवाह अनुदान जैसी योजनाओं के लाभ आमजन तक पहुंचाए जा रहे हैं।
उन्होंने अपने ही सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा, “गुप्तार घाट के सुंदरीकरण के नाम पर निषाद समुदाय की दुकानों को हटाया गया। वादा किया गया था कि नई दुकानें दी जाएंगी, लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ।”
डॉ. निषाद ने समुदाय के बच्चों के लिए शिक्षा सहायता की नई योजना की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट में पढ़ने वाले छात्रों को ₹20,000, बीए के लिए ₹30,000 और उच्च शिक्षा के लिए ₹50,000 तक की सहायता दी जाएगी।